नाली से क्यों परेशान है बेतालघाट के व्यापारी

Newsdesk Uttranews
2 Min Read

राजेश पन्त

new-modern


बेतालघाट। बाजार में 84 लाख की लागत से रोड व नाली निर्माण का कार्य अभी समाप्त भी नही हुआ है लेकिन विवाद सामने आने लगे है। पहले ही रोड पर सीसी की गुणवत्ता पर पहले ही व्यापारियों ने सवालिया निशान लगाये थे। अब ठेकेदार सहित लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों पर भी कार्य के गुणवत्ता पर अनदेखी का आरोप लग रहे है। सामाजिक कार्यकर्ता व व्यापारी कुलवंत सिंह जलाल सहित व्यापार मंडल अध्यक्ष शेखर दानी व अन्य व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों को आरोप है कि नाली निर्माण तो किया गया परंतु बाजार के बीचो-बीच नाली को जाली लगाकर व स्लेब डालकर बंद कर दिया गया जिससे बरसात के पानी के साथ बहकर आया मलबा, पालीथीन व कूड़ा, कचरा आदि बाजार के बीचों बीच जमा हो जा रहा है। आधी बाजार के बाद नाली का कोई महत्व ही नहीं रह गया है और पानी और कचरा पूरे बाजार में फैलकर लोगों के घरों में घुस रहा है। व्यापारियों के अनुसार विभागीय अधिकारियों से बात करने पर अवगत हुवा कि जाली को नहीं हटाया जाएगा और व्यापारी खुद रोड की सफाई करें किसी के घर में पानी घुसे तो यह विभाग की जिम्मेदारी नहीं हैं। ज्ञातव्य हो कि लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों ने क्षेत्रीय विधायक संजीव आर्या को ज्ञापन दिया था। जिसके बाद पर विधायक ने शासन से 84 लाख रूपये स्वीकृत कराये थे। परन्तु विभाग ने व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की समस्या को नजरअंदाज कर स्वीकृत धनराशि की बन्दर बाँट कर कार्य में लीपा-पोती कर दी। अब स्थानीय व्यापारी उक्त समस्या के लिए राज्यपाल महोदय और मुख्यमंत्री के दर पर गुहार लगाने की सोच रहे है। व्यापार मंडल अध्यक्ष शेखर दानी ने समस्या के शीघ्र समाधान न होने पर व्यापारियों के सहयोग से आन्दोलन की चेतावनी दी है।