Pithoragarh- कोविड से मौत के आंकड़ों में जनता को ठग रही भाजपा सरकार, परिजनों को मुआवजा दे सरकार: भुल्लर

editor1
2 Min Read

पिथौरागढ़। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि देश में काबिज मौजूदा सरकार, कोविड-19 से हुई आम लोगों की मौत के संबंध में भी जनता को ठगने का काम कर रही है। विश्व स्वास्थ संगठन अपनी रिपोर्ट में कह रहा है कि कोविड काल में सबसे ज्यादा मृत्यु भारत में हुई हैं जो 47 लाख से ज्यादा अंकित की गई हैं ,लेकिन केंद्र सरकार ने जनता के समक्ष भ्रम पैदा करते हुए मात्र 4.7 लाख मौत बताई हैं, जो सरासर गलत है और देश के साथ छल है।

भुल्लर रविवार को यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार को पुनः सर्वे कर जिन 47 लाख लोगों की कोविड में मृत्यु हुई है, उन पीड़ित परिवारों को 4 लाख का मुआवजा देना चाहिए, ताकि इस दुख में उनको कुछ सहायता मिल सके।

इस अवसर पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेन्द्र महर ने कहा कि आज पूरा देश रिकॉर्ड महंगाई की मार झेल रहा है, जिससे जनता परेशान है। इन सबके बीच घरेलू रसोई गैस की कीमत दोबारा 50 रुपए बढ़ाकर सरकार जनता के साथ खिलवाड़ कर रही है। इससे पूर्व युकां प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के पदाधिकारियां व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और प्रदेश व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों की जनता के बीच पोल खोलने की बात कही।

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर, युकां प्रदेश महासचिव करन सिंह, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शुभम बिष्ट, नगर अध्यक्ष शिवम पंत, शिवानी कोहली, प्रदेश सचिव कमलदीप बिष्ट, रोशन गिरी, कमल भंडारी, राजेश शर्मा, कमलेश गिरी, महेंद्र कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।