रामनगर (नैनीताल)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के पावन अवसर पर रामनगर के छोई स्थित फूड बंगला रेस्टोरेंट में ‘संवेदना फाउंडेशन’ संस्था की ओर से एक भव्य पत्रकारिता सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बदलते दौर में मीडिया के स्वरूप, उसकी वर्तमान चुनौतियों, फेक न्यूज और डिजिटल युग में निष्पक्ष व जिम्मेदार पत्रकारिता को अक्षुण्ण बनाए रखने जैसे गंभीर विषयों पर प्रबुद्ध समाज और पत्रकारों के बीच संवाद हुआ।
कार्यक्रम में रामनगर के अलावा हल्द्वानी, काशीपुर और आस-पास के क्षेत्रों से आए विभिन्न समाचार-पत्रों व प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों, प्रख्यात अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
चुनौतियों के बीच ‘सत्य और जनहित’ ही पत्रकारिता का मूल धर्म
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में देश की पत्रकारिता अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है। आज के दौर में सोशल मीडिया के अनियंत्रित प्रभाव, फेक न्यूज की बाढ़, राजनीतिक दबावों और अंधाधुंध व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी निष्पक्षता को बरकरार रखना हर पत्रकार के लिए एक अग्निपरीक्षा की तरह है। वक्ताओं ने पुरजोर तरीके से इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता केवल सूचनाएं या सनसनीखेज खबरें देने का व्यवसाय नहीं है, बल्कि यह समाज को सही आईना दिखाने और भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने का सबसे महत्वपूर्ण जरिया है।
रामनगर के दिवंगत पत्रकारों की स्मृतियों को किया गया नमन
समारोह का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब रामनगर क्षेत्र के दिवंगत पत्रकारों— स्वर्गीय जितेंद्र पपनै, स्वर्गीय लक्ष्मीदत्त मंदोलिया और स्वर्गीय नितेश जोशी को उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। संस्था द्वारा उनकी पावन स्मृति में उनके परिजनों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। क्षेत्र में उत्कृष्ट और निर्भीक पत्रकारिता के जरिए समाज को दिशा देने वाले कई वरिष्ठ पत्रकारों को भी ‘पत्रकारिता सम्मान’ से नवाजा गया।
समारोह में जुटे कुमाऊं के कई दिग्गज, इन्होंने निभाई मुख्य भूमिका
संवेदना फाउंडेशन के इस सफल कार्यक्रम में हल्द्वानी से विशेष रूप से पहुंचे सूचना अधिकार संगठन के संरक्षक प्रकाश हर्बोला और रामनगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एम.सी. पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ पत्रकार विनोद पपनै, कमल हीरा, गणेश रावत और एडवोकेट पूरन चंद्र पाण्डेय शामिल रहे।
इस मौके पर खुशाल रावत, गोविंद पाटनी, मोहम्मद उस्मान, राहुल सिंह दर्मवाल, एडवोकेट मदन मोहन गौनियाल, चंचल गोला, चंद्रशेखर जोशी, मयंक मैनाली, गौरव मंदोलिया, प्रकाश भट्ट, अज़ीम खान, हेम पांडेय, एडवोकेट मनु अग्रवाल, श्रीमती रेखा पपनै, मुकेश सुयाल, रोहित गोस्वामी, कैलाश सुयाल, कुलदीप अग्रवाल के अलावा हल्द्वानी से आए संजय पाठक, कमल कफल्टिया और काशीपुर से पुनीत शर्मा, पैट्रिक तरन बाबा व किशन गुप्ता सहित दर्जनों मीडिया कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संवेदना फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल भंडारी, तनुजा पांडेय और प्रतिभा रावत ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
