अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के बमनखोला, जौहरी बाजार निवासी स्वर्गीय बी.सी. पाण्डे के पुत्र भावेश पाण्डे ने एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। भावेश का चयन देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शुमार आईआईटी (IIT) दिल्ली के एक्जीक्यूटिव एमबीए (Executive MBA) कार्यक्रम में हुआ है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे अल्मोड़ा जिले में हर्ष का माहौल है और इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
आईआईटी दिल्ली के एक्जीक्यूटिव एमबीए में प्रवेश की चयन प्रक्रिया बेहद कठिन और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी होती है। सीमित सीटों वाले इस प्रतिष्ठित कोर्स में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा, कड़े साक्षात्कार (इंटरव्यू) और अभ्यर्थी के पेशेवर अनुभव (वर्क एक्सपीरियंस) सहित कई कड़े पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया जाता है। पूर्णकालिक नौकरी की व्यस्तता के बीच इस कठिन परीक्षा में सफलता पाना भावेश की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट पेशेवर क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
अल्मोड़ा से हुई प्रारंभिक शिक्षा, माता हैं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका
भावेश पाण्डे की सफलता की नींव अल्मोड़ा से ही मजबूत हुई थी। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती बाल विद्या मंदिर, अल्मोड़ा से हुई। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज (GIC), अल्मोड़ा से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। उनकी माता श्रीमती गौरा पांडे एक सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका हैं। उनके बड़े भाई आदेश पाण्डे अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक की देहरादून शाखा में कार्यरत है। स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।
बहुराष्ट्रीय अमेरिकी कंपनी में दे रहे हैं सेवाएँ
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भावेश ने विदेशों में भी अपनी तकनीकी सेवाएँ दीं। वर्तमान में वह विश्व की अग्रणी अमेरिकी इंजीनियरिंग एवं निर्माण कंपनी ‘बेकटेल’ (Bechtel) में एक जिम्मेदार पद पर कार्यरत हैं। वह अपनी नियमित वैश्विक नौकरी को जारी रखते हुए अब आईआईटी दिल्ली से उच्च व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण करेंगे। उनकी यह सफलता क्षेत्र के उन युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणा स्रोत है जिनका सपना नौकरी के साथ-साथ उच्च शिक्षा का हैं।
परिवार और शुभचिंतकों ने जताई खुशी
इस शुभ अवसर पर उनकी माता गौरा पाण्डे और बड़े भाई आदेश पाण्डे ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भावेश की यह सफलता पूरे परिवार और अल्मोड़ा जनपद के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए यह उपलब्धि एक प्रेरणादायक संदेश है कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सीखने की लगन से किसी भी बड़े लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। भावेश की इस बड़ी कामयाबी पर परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

