बकरी के पैसे न चुकाने पर तालाब में डुबोकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के ऐरठा गांव में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस के मुताबिक, बकरी के पैसे न चुकाने के चलते भजन राम की हत्या कर दी गई थी, और उसे एक तालाब में डुबोकर मार दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब हो, घटना 6 मई की है जब भजन राम का शव उनके गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक गदेरे में मिला था। पुलिस को दिए गए बयान में उनके बेटे भवान राम ने बताया कि उनके पिता शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने घर से बाहर गए थे और उनके साथ तीन अन्य लोग भी थे। भवान राम ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से जांच की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद शाह के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने मामले की जांच शुरू की।

बता दें, जांच के दौरान, पुलिस ने मौड़ा गांव निवासी महेंद्र सिंह पुत्र दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महेंद्र सिंह ने भजन राम की हत्या की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक, तीन साल पहले भजन राम ने महेंद्र सिंह से कुछ बकरियां बिना पूछे बेच दी थीं। महेंद्र सिंह ने बार-बार भजन राम से पैसे मांगे लेकिन उन्होंने उन्हें भुगतान नहीं किया।

6 मई को महेंद्र सिंह और भजन राम ने साथ में शराब पी। इसके बाद महेंद्र सिंह ने भजन राम को गदेरे में धक्का दे दिया और उसे तालाब में गिरा दिया। वह तालाब में डूबने लगा तो महेंद्र सिंह ने उसे डूबने में मदद की और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।