भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा के तत्वाधान में आज उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पदम पुरस्कार से सम्मानित भगत सिंह कोशयारी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के भाव के साथ विशेष रूप से मनाया गया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लेप्रोसी मिशन पहुँचकर वहाँ निवास कर रहे जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण किया और उनके साथ समय बिताकर उनका हालचाल जाना। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित, पीड़ित और जरूरतमंद वर्गों तक पहुँचकर सेवा भावना को सशक्त करना और भारतीय जनता पार्टी के “सेवा ही संगठन” के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलखवाल , दर्जा राज्य मंत्री कुन्दन लटवाल , पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान , भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भोजन वितरण कार्यक्रम में भाग लेते हुए जरूरतमंदों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन संघर्ष, सेवा, सादगी और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव राष्ट्रहित, जनहित और संगठनहित को सर्वोपरि रखा।
उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश की राजनीति और देश की जिम्मेदारियों तक उन्होंने अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया। उनका राजनीतिक जीवन आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
दर्जा राज्य मंत्री गोविन्द पिलखवाल ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी जी का जीवन त्याग, तपस्या और संघर्ष की कहानी है। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत कर संगठन के शीर्ष दायित्वों तक पहुँचकर यह सिद्ध किया कि मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज उनके जन्मदिवस के अवसर पर लेप्रोसी मिशन में भोजन वितरण कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह संदेश दिया है कि सच्चा सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि सेवा कार्यों के माध्यम से व्यक्त किया जाता है।
दर्जा राज्य मंत्री कुन्दन लटवाल ने कहा कि भगत दा ने उत्तराखंड के विकास और संगठन के विस्तार में अमूल्य योगदान दिया है। वे हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच सरलता और आत्मीयता के साथ जुड़े रहे। उनका मार्गदर्शन और अनुभव आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए शक्ति का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज का यह सेवा कार्यक्रम भाजपा की उस विचारधारा को दर्शाता है जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचकर उसकी सेवा करना सर्वोच्च प्राथमिकता मानी जाती है।
पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने सदैव गरीब, वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया। उनका जीवन बताता है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का सशक्त साधन है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को भगत दा के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज सेवा में आगे आना चाहिए तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।
भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ी हुई है। भगत सिंह कोश्यारी जी के जन्मदिवस को लेप्रोसी मिशन में भोजन वितरण के माध्यम से मनाना इसी विचारधारा का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़े रहना और उनकी आवश्यकताओं में सहयोग देना भाजपा कार्यकर्ताओं का नैतिक कर्तव्य है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है और आने वाले समय में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान लेप्रोसी मिशन में रह रहे लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने न केवल भोजन वितरण किया बल्कि उनके साथ बैठकर संवाद भी किया, जिससे आत्मीयता और सामाजिक जुड़ाव की भावना और अधिक मजबूत हुई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना की। साथ ही उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने तथा समाज और राष्ट्र सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी की सेवा भावना, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला महामंत्री दर्शन रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश खोलिया, अल्मोड़ा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट,मनोज जोशी देवेंद्र भट्ट, पूनम पालीवाल,कमल वर्मा, मुस्तकीम मालिक,त्रिलोक राम, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, जगदीश नगरकोटि हयात सिंह बिष्ट, ठाकुर संदीप सिंह,प्रकाश भट्ट, पार्षद अमित साह, पार्षद अभिषेक जोशी,कृष्णा सिंह नमन गुरुरानी, हिमाल शर्मा,मदन बिष्ट,रमेश धपोला, दीपा पांडे,जगदीश नगरकोटि आदि अनेक लोग उपस्थित रहे।
