Single use plastic पकड़ी गई तो पांच हजार का जुर्माना

Newsdesk Uttranews
3 Min Read

7e1ccb4bbc1709c635c9f8ca6ef47840

new-modern

नई दिल्ली: पहली बार सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सिटी लेवल टास्क फोर्स का गठन किया है। बार-बार समझाने पर भी जो लोग सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद नहीं कर रहे, उनके खिलाफ टास्क फोर्स कड़ा एक्शन लेगी। टास्क फोर्स दिल्ली के 20 बाजारों को पहले पूरी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त करेगी। इसके बाद पूरी दिल्ली को सिंगल यूज प्लास्टिक से निजात मिलेगी।

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ एनजीटी खासा सख्त है। सरकार ने भी प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। दिल्ली के नगर निगम समय-समय पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ मुहिम भी चलाते रहे हैं। लेकिन उनकी मुहिम का ज्यादा देर तक जमीन पर असर नहीं रहता। कार्रवाई होने पर इसका इस्तेमाल बंद हो जाता है, लेकिन थोड़े दिनों बाद फिर से बाजार में इसका चलन शुरू हो जाता है।

दक्षिणी निगम पिछले दो हफ्ते से अपने चारों जोनों में बड़े पैमाने पर मुहिम चलाकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कह रहा है। आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन को इस मुहिम से जोड़ा गया है। लोगों को कपड़े और जूट के झोले बांटे गए हैं। अब निगम सख्ती दिखाने के मूड में है।

सिटी टास्क फोर्स की बैठक में निर्णय
दक्षिणी निगमायुक्त ज्ञानेश भारती की अध्यक्षता में शुक्रवार को इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सभी जिला मजिस्ट्रेट (दक्षिण, नईदिल्ली, दक्षिण पूर्व, दक्षिण पश्चिम, मध्य, उत्तर, पश्चिम जिला), चारों उपायुक्त (मध्य, दक्षिण, पश्चिम, नजफगढ़ जोन), डेम्स विभाग के अधिकारी, ओखला औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन के प्रतिनिधि, गैर सरकारी संगठन आईटीसी, आरडब्ल्यूए और टास्क फोर्स के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि दक्षिण निगम क्षेत्राधिकार में 20 बाजारों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त घोषित किया जाएगा। बाजारों का सर्वे किया जा रहा है।

बाजारों में 50 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जायेगा। उल्लंघन करने वालों का 5000 रुपये का चालान होगा। अबतक केवल प्लास्टिक को सीज किया जाता था। वेस्ट जोन के सहायक आयुक्त हरीश कश्यप ने बताया कि शुरुआत में पॉली बैग, प्लास्टिक बोतल, प्लास्टिक पाउच को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। 1 फरवरी 2022 से दिल्ली में प्लास्टिक में पैक गुटखा पूरी तरह से बंद हो जाएगा।