अल्मोड़ा के कांचुला धौलछीना में हुई सड़क दुर्घटना में मुनस्यारी के पूर्व प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल की मौत की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
वह अपने दो अन्य साथियों के साथ अल्मोड़ा में कांग्रेस रैली से वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में घायल 2 लोगों को अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया है।
घटना के कुछ समय बाद पता चल चुका था कि इस हादसे में नाचनी निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख/पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल (उम्र 70 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि, हादसे में गणेश कुमार (उम्र 32 वर्ष) और भूपेंद्र प्रसाद (उम्र 25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित तमाम कांग्रेसी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। हरीश रावत ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से उनके समुचित उपचार करने को कहा। विधायक हरीश धामी ने भी कुंदन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पिथौरागढ़ के नाचनी निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंदन सिंह बथ्याल मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रहे।
इसके बाद जिला पंचायत सदस्य चुने गए, वह नाचनी व्यापार संघ के अध्यक्ष भी रहे। बथ्याल नाचनी में निजी स्कूल भी चलाते थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही नाचनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व ब्लाक प्रमुख के निधन पर विधायक बिशन सिंह चुफाल, मयूख महर, हरीश धामी आदि ने गहरा शोक जताया है।
