दिल्ली इन दिनों प्रचंड गर्मी की चपेट में है। राजधानी के कई हिस्सों में लू जैसे हालात देखे जा रहे हैं। बीते 15 वर्षों में यह दूसरा मौका है जब अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही लू ने दस्तक दी है। इससे पहले वर्ष 2011 और 2022 में आठ से 11 अप्रैल के बीच इसी तरह की भीषण गर्मी दर्ज की गई थी। इस बार भी अप्रैल की शुरुआत से ही तापमान तेजी से बढ़ा है और अब यह 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और राजधानी के कई हिस्सों में लू की चेतावनी दी है। इस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लोगों को दिनभर झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि मौसम विभाग ने 10 अप्रैल से राहत के संकेत दिए हैं। अनुमान है कि इस दिन से राजधानी में मौसम करवट ले सकता है। दिल्ली और एनसीआर के आसमान पर बादल छाने के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जिससे गर्मी कुछ कम हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक राजधानी में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बनी रह सकती है। 11 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं 12 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 13 अप्रैल से दोबारा भीषण गर्मी की वापसी हो सकती है। 14 अप्रैल को अधिकतम तापमान फिर 41 डिग्री को पार करने का अनुमान है और लू की स्थिति बनने की आशंका है।