हवालबाग, अल्मोड़ा। ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रेन एकेडमी में “बाल प्रहरी” एवं भारत ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित पांच दिवसीय बाल लेखन कार्यशाला का शुभारंभ बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ।
इस कार्यशाला का संचालन “बाल प्रहरी” के संपादक उदय किरौला के कुशल नेतृत्व में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन कर्नल समीर खरे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने उद्बोधन में कर्नल खरे ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों में रचनात्मक अभिव्यक्ति, कौशल विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कार्यक्रम की सफलता हेतु अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
कार्यशाला के प्रथम दिवस में उदय किरौला द्वारा बच्चों को कविता लेखन, नाटक मंचन, गीत एवं नृत्य निर्माण की विधियों के साथ-साथ शब्द निर्माण के रोचक कौशल सिखाए गए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए सुंदर कविताएं रचीं, नाटकों का सृजन किया तथा विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रथम दिवस के लिए बच्चों को फूल, बादल, सूरज, पुस्तक एवं गैस सिलेंडर जैसे विषयों पर कविता लेखन के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हस्तलेखन पुस्तक निर्माण के अंतर्गत “मेरा परिचय”, “मेरा विद्यालय” एवं “मेरे जीवन की गहराई” जैसे विषय दिए गए, जिनसे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रमशः दीप्ति साह, हर्षिता साह, शुभांगी पंत, आराध्या लोहनी एवं विशाल बिष्ट द्वारा की गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में दीप्ति साह, आलोक सिंह, भावना नेगी एवं हर्षिता साह को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने कार्यशाला के सफल संचालन में सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग प्रदान किया।



