मातृ शक्ति समूह रानीखेत दुसरे व गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला रही तीसरे स्थान पर
रानीखेत। सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता में श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब अल्मोड़ा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्राफी में कब्ज़ा करने के साथ सर्वश्रेष्ठ अभिनय, निर्देशन एवं वेशभूषा का पुरस्कार भी अपने नाम किया।
वहीं मातृ शक्ति समूह रानीखेत दुसरे व गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला की टीम तीसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एसएसबी सहायक सेना नायक एवं भाजपा नेता दीप पांडे व विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रमुख रचना रावत सहित अतिथियों ने विजेताओं को ट्राफी एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
नगर के मिशन इंटर कालेज प्रांगण में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में चल रही दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता के समापन सत्र पर रविवार सायं आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागी महिला समूहों ने विभिन्न प्रसंगों पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिसमें उन्नति महिला समूह सौनी ने अशोक वाटिका में रावण-सीता संवाद, श्री राम सांस्कृतिक सामाजिक सेवा समिति अल्मोड़ा ने श्रवण भक्ति प्रसंग, चौरा विश्वनाथ रामलीला समिति अल्मोड़ा ने हनुमान- मकरध्वज संवाद तथा श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब अल्मोड़ा ने लक्ष्मण-मेघनाथ संवाद का मंचन किया।
मुख्य अतिथि एसएसबी सेवानिवृत्त सहायक सेना नायक एवं भाजपा नेता दीप पांडेय ने कहा भगवान श्रीराम का जीवन, धर्म, कर्तव्य और मानवीय मूल्यों का आदर्श उदाहरण है।
उन्होंने बच्चों को श्रवण कुमार जैसी मातृ-पितृ भक्ति से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए कुमाऊं की रामलीला परंपरा के संरक्षण पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रमुख रचना रावत ने प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं को मंच प्रदान करने के लिए समिति की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय प्रधानाचार्य हेमंत अग्रवाल ने भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
समिति अध्यक्ष विमल सती ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर अतिथियों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी तथा स्व. गोविंद बल्लभ जोशी की स्मृति में उनके परिजनों ने क्रमशः 11 हजार, 7 हजार व 4 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और कैलाश चंद्र सती द्वारा ग्यारह ग्यारह सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
प्रतिभागी टीमों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायक रंगकर्मी संदीप गोरखा, रियूनी मजखाली रामलीला कमेटी निर्देशक बलवंत सिंह अधिकारी, जैनोली रामलीला कमेटी निर्देशक सुरेश फर्त्याल रहे और मंच संचालन दीपक पंत एवं संजय पंत ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष विमल सती, हरीश लाल साह, राजेंद्र पंत, गीता जोशी, विनीता खाती, ज्योति साह, रीना वर्मा, गौरव भट्ट, गीता पवार, गौरव तिवारी, अशोक पंत, अभिषेक कांडपाल, पंकज साह, शुभम अग्रवाल सहित बडी संख्या में लोग मौजूद रहे।
