अल्मोड़ा-आगामी 4 जून को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है।
जनसभा को सफल बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ता स्तर तक व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अल्मोड़ा नगर में संपर्क किया।
कार्यकर्ताओं के हुजूम के बीच यशपाल आर्य ने बाजार में व्यापारियों से संपर्क किया।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का समर्थन आम जनता का कांग्रेस को मिल रहा है वह अभूतपूर्व है और राहुल गांधी की जनसभा ऐतिहासिक साबित होगी।
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी रैली की सफलता के लिए अल्मोड़ा में कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी बैठक कर चुके हैं।और 2 जून को फिर अल्मोड़ा आ रहे हैं।
इधर अल्मोड़ा से कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी ने दावा किया है कि राहुल गांधी की यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी,बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी,जिसका संदेश उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने तक पहुंचेगा।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के अल्मोड़ा आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि जनसभा की तैयारियों को लेकर पार्टी के सभी मोर्चे और संगठन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा,वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रीतम सिंह सहित पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत दो जून को अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं।
कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की ऐतिहासिक धरती से राहुल गांधी का संदेश पूरे देश तक पहुंचेगा।कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं और पार्टी को भरोसा है कि 4 जून की यह जनसभा ऐतिहासिक,अभूतपूर्व और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली साबित होगी।
