द्वाराहाट लोक निर्माण विश्रामगृह में उत्तराखंड खेल परिषद राज्य मंत्री मोहन पाठक का लोक निर्माण विश्रामगृह में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
इस दौरान पाठक ने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा खेल स्टेडियम बनाने की मांग की है जिस पर जल्द ही मुख्यमंत्री और खेल मंत्री से मिलकर प्रयास किए जाएंगे।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन कर रही है। खेल राज्य मंत्री मोहन पाठक ने बताया कि सरकार नई उत्तराखंड खेल नीति-2026 पर कार्य कर रही है। इसके साथ ही वर्तमान में कई महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रत्येक जिले से 150 बालक एवं 150 बालिकाओं का चयन कर उन्हें 1,500 रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाती है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के 100 बालक और 100 बालिकाओं सहित प्रत्येक जिले के 200 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को 2,000 रुपया प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। मोहन पाठक ने बताया कि ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के माध्यम से प्रत्येक जिले में एक विशेष खेल को बढ़ावा देकर स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए दुर्घटना बीमा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार, सरकारी सेवाओं में प्रोत्साहन तथा खेल संघों को अनुदान जैसी व्यवस्थाएं भी लागू हैं।
वहीं मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत युवा पेशेवर खिलाड़ियों को जूनियर कोच के रूप में रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें 20,000 रुपया प्रतिमाह का पारिश्रमिक दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।
स्वागत समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, मंडल अध्यक्ष विजय बजेठा, कैलाश भट्ट, युगल किशोर आर्या, आशुतोष शाही, जगदीश बुधानी, विनोद भट्ट, हरीश भट्ट
ममता भट्ट, दीपा हर्बोला, पूजा साह, धीरेन्द्र मठपाल, राजेंद्र रौतेला, गगनदीप वर्मा, हिमांशु साह, पंकज तिवारी, गणेश नायक, बालम जोशी, विवेक तिवारी, पूरन पपने, मुकुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।

