बागेश्वर। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लेते हुए मंगलवार 21 जुलाई को जनपद बागेश्वर के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शासकीय, अर्धशासकीय व निजी विद्यालयों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
आज सुबह प्रशासन ने 20 जुलाई की छुट्टी के आदेश जारी किए थे। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कल यानि 21 जुलाई के लिए भी छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना व्यक्त करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
संभावित प्राकृतिक आपदाओं और अप्रिय घटनाओं के दृष्टिगत बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर को निर्देश दिए हैं कि वे सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं, जबकि विचलन की दशा में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।

