अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के होनहार छात्र-छात्राओं के लिए एक बेहद सुखद और गर्व करने वाली खबर आ रही है क्योंकि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की एनटीडी शाखा ने शुक्रवार 15 मई 2026 को विवेकानन्द इण्टर कॉलेज रानीधारा (अल्मोड़ा) के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया।
इस कार्यक्रम में हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट परीक्षा के टॉप 25 में स्थान पाने वाले विवेकानन्द इण्टर कॉलेज के 10 छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान बैंक प्रबंधक तेज कृष्ण सिंह,वित्तीय समावेशन प्रबंधक कंचन चौहान और मार्केटिंग मैनेजर अंशुनाथ श्रीवास्तव ने सभी होनहार छात्रों को पुरस्कार बांटे और उनकी जमकर हौसला अफजाई की।
बैंक अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि इन विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन पूरे समाज और उत्तराखंड प्रदेश के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे भविष्य में भी इसी तरह का बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखें और अपने स्कूल, माता-पिता के साथ-साथ पूरे राज्य का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में बैंक के अफसरों ने स्कूल के शिक्षकों की भी खूब तारीफ करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग की बदौलत बच्चों ने यह मुकाम हासिल किया है। बैंक अधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शिक्षा और सामाजिक विकास के कामों में हमेशा आगे रहता है।
इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को बैंक की कार्यप्रणाली और कामकाज को करीब से समझने के लिए शाखा में आने का न्योता भी दिया।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल,शिक्षक भूपेश पंत, भास्कर काण्डपाल, कैलाश जोशी, नीरज मिश्रा, गुरुदेव जोशी, रमेश भट्ट, लक्ष्मण सिंह समेत पूरा स्कूल परिवार मौजूद रहा और कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।

