ताडीखेत के नीरज ने 17वां और गनियाद्योली के लक्ष्य ने पाया 25वां स्थान,
रानीखेत। उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में विकासखंड ताड़ीखेत के दो मेधावी छात्रों ने प्रदेश मेरिट सूची में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ताड़ीखेत के छात्र नीरज पपनै ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश मेरिट सूची में 17वां स्थान हासिल किया। वहीं सेंट मांटेसरी स्कूल गनियाद्योली के छात्र लक्ष्य सिंह रावत ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 25वां स्थान प्राप्त किया।
बच्चों की इस उपलब्धि पर विद्यालयों, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन और क्षेत्र के लोगों ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ताडीखेत विद्यालय प्रधानाचार्य उमेश चंद्र डंगवाल व गनियाद्योली के प्रधानाचार्य बिनोद खुल्बे सहित शिक्षकों ने इसे बच्चों की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम बताया।
नीरज ने बताया कि उनका सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। वहीं लक्ष्य ने भी भविष्य में इंजीनियर बनने की इच्छा जताई।



