रानीखेत महाविद्यालय बीएड विभाग के तीन विद्यार्थियों ने तीनों सत्रों में जीते स्वर्ण पदक

रानीखेत। नगर के जयदत्त वैला राजकीय पीजी कालेज के स्वावित्त पोषित बीएड विभाग में विश्वविद्यालय परीक्षाओं में सर्वोच्च अंको के साथ स्वर्ण पदक हासिल कर…

PG College Ranikhet

25

रानीखेत। नगर के जयदत्त वैला राजकीय पीजी कालेज के स्वावित्त पोषित बीएड विभाग में विश्वविद्यालय परीक्षाओं में सर्वोच्च अंको के साथ स्वर्ण पदक हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाले निशा, हर्षित व रिया सहित तीन मेघावियो को महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया।


राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने कहा कि महाविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि लगातार तीन सत्रों में बीएड विभाग के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है।


उन्होंने मेधावी निशा पांडे, हर्षित नैनवाल व रिया तिवारी को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही बीएड विभाग प्रभारी डा. सुशील जैन तथा समस्त प्राध्यापकों के मार्गदर्शन और नेतृत्व की सराहना की।


समारोह में बताया गया कि सत्र 2021-23 में निशा पांडे ने 81.47, सत्र 2022-24 में हर्षित नैनवाल ने 86.23 तथा सत्र 2023-25 में रिया तिवारी ने 85.94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्तर में स्वर्ण पदक हासिल किया।


लगातार तीन सत्रों में विद्यार्थियों द्वारा यह उपलब्धि हासिल करना महाविद्यालय के लिए विशेष गौरव की बात है। विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील जैन ने स्वर्ण पदक विजेताओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को भी कड़ी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


इस मौके पर वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. प्राची जोशी, डॉ. प्रियंका जैन, मोहन चंद्र, डॉ. प्रीति सिन्हा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply