सल्ला भाटकोट की जिला पंचायत सदस्य शैलजा चम्याल ने क्षेत्र के नौगांव में जर्जर और क्षतिग्रस्त बिजली के पोलों को बदले जाने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि गांव में लगे यह पोल जर्जर और क्षतिग्रस्त हो गये हैं। यह पोल कभी भी गिर सकते हैं और किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते है।
उन्होंने कहा कि कई बार यूपीसीएल के जिम्मेदार अधिकारियों को फोन पर यह जानकारी दी जा चुकी है। लेकिन विभाग की ओर से कोई सकारात्मक कदम नही उठाये जा रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत 20 दिसंबर 2025 को राइका नौंगाव में अयोजित कैंप में कनारीछीना निवासी गोविंदी देवी के घर के समीप झूलते तारों को हटाये जाने तथा मंगलता में दो लोगों के घर से बिजली पोल दूर होन के कारण नये पोल लगाने की मांग की गई थी जिसमें बिजली विभाग ने सहमति व्यक्त की थी लेकिन अभी तक इस मांग पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
उन्होंने विभागीय स्तर पर इस प्रकार की लेटलतीफी पर नाराजगी जताई और कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनहित के मुद्दों की मांगों को विभागों के स्तर पर घुमाया जा रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है।
कहा कि इससे सरकार की योजनाओं और कल्याणकारी कार्यों के संपादित होने में बिलंब होता है जो जनता के बीच नाकारात्मक रूप लेता है। उन्होंने इन दोनों मांगों को लेकर एक बार फिर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अबिलंब कार्यवाही की मांग की है।
