shishu-mandir

Almora- जीआईसी गणानाथ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Newsdesk Uttranews
2 Min Read
Screenshot-5

अल्मोड़ा, 19 नवंबर 2021—ताकुला विकासखण्ड में नवनियुक्त खण्ड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार के सम्मान में राजकीय आदर्श इंटरकालेज गणानाथ में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही शैक्षणिक उन्नयन हेतु विचार-विमर्श किया गया।

new-modern
gyan-vigyan

समारोह को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने के लिए मन से तैयार होना जरूरी है। इसके लिए प्रारम्भ में बच्चों को उनकी रूचि के अनुसार कहानी की किताबें उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों पर अंग्रेजी, कम्प्यूटर व सामान्य ज्ञान पर विशेष ध्यान देने तथा उनमें सवाल पूछने की संस्कृति पैदा करने की जरूरत बताई।

प्रधानाचार्य नीरज कुमार वर्मा ने विद्यालय की समस्याओं को रखते हुए कहा कि विद्यालय में कार्यरत लिपिक की ड्यूटी कोविड में लगा दी गयी है। यहां न तो कम्प्यूटर आपरेटर है, और न ही लैब सहायक। विद्यालय जंगल के बीच स्थित है। रात्रि चौकीदार न होने के कारण असमाजिक तत्व आये दिन विद्यालय की सम्पत्ति को क्षति पहुंचा रहे हैं।
लोक प्रबंध विकास संस्था के सचिव ईश्वर जोशी ने राजकीय विद्यालयों में बच्चों की घटती संख्या पर चिन्ता जताते हुए विद्यालय प्रबंधन में एस.एम.सी. तथा पी.टी.ए. की भागीदारी बढ़ाये जाने की वकालत की।

अध्यापक आर.डी. सरोज द्वारा शिक्षा को रूचिकर बनाये जाने के तरीकों के साथ ही विद्यालय में संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गयी।

इस अवसर पर तारा चन्द्र, धीरज सिंह, हरीश नाथ, हंसा मेहता, कंचन कांडपाल, सुनीता चन्द्रा, पूजा जंगपांगी, रजनीश कुमार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीरज वर्मा तथा संचालन आर.डी.सरोज ने किया।