अल्मोड़ा जनपद के विवेकानंद इंटर कॉलेज, रानीधारा में 77 यूके बटालियन एनसीसी अल्मोड़ा की सब-यूनिट द्वारा विगत दिवस यानि 7 मई को’ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एएनओ लेफ्टिनेंट शंकर सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को देश सेवा, कड़े अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल, सेकंड ऑफिस अर्जुन सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 77 यूके बटालियन एनसीसी अल्मोड़ा के प्रतिनिधि के रूप में ईएसएम विनोद कुमार, रघुवर जोशी और देवेश भट्ट ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों के साथ किया गया।

