Pithoragarh- रैलियों के जरिये हर घर तिरंगा का आह्वान

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

पिथौरागढ़। विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ जनपद पुलिस ने संयुक्त रूप से हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत रैलियां निकाली और लोगों में देशभक्ति का संचार करते हुए हर घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

new-modern

’आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ लोकेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में जनपद पुलिस ने विभिन्न स्कूलों के छात्रों, एनसीसी कैडेटों के साथ समन्वय बनाया और शनिवार को जिला मुख्यालय सहित अनेक जगहों पर संयुक्त रूप से हर घर तिरंगा की थीम पर तिरंगे झंडे के साथ रैलियां निकालीं।

इस दौरान लोगों को 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा लहराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम-1971 के अन्तर्गत तिरंगा झंडा फहराने के नियमों के बारे में जानकारी दी।

वहीं सोर वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकालकर जनता को 15 अगस्त तक अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं ने झंडों के साथ विभिन्न प्रकार के नारे लिखकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की।

इससे पूर्व ‘जय हिन्द’ और ‘मेरा भारत महान’ आदि नारों का आकर्षक आकार बनाते हुए भारत माता को सजाया गया। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया।

आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्कूल में स्वतन्त्रता दिवस के पहले मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तत किये गये। जिसमें विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ का जनजातीय नृत्य, गढ़वाली नृत्य, उत्तराखंडी गीत व नृत्य, देशभक्ति गीत पर नृत्य, योगाभ्यास, भारतीय संस्कृति की विविधता को दिखाते हुए नृत्य, सैनिक की गाथा में नृत्य, दुर्गास्त्रोत नृत्य, राधारानी आध्यात्मिक गीत पर नृत्य तथा पंजाबी, गुजराती, मराठी एवं शास्त्रीय गीतों पर नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों का अभ्यास किया गया। विद्यालय की निदेशक डॉ उमा पाठक, प्रधानाचार्य लीलावती जोशी और समस्त स्टाफ ने इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।