पिथौरागढ़ छात्र संघ चुनाव: अध्यक्ष पद पर एबीवीपी का कब्जा

Newsdesk Uttranews
3 Min Read
Screenshot-5

पिथौरागढ़। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के उम्मीदवार ने जीत हासिल की। सचिव पद पर कांटे की टक्कर रही और सिर्फ 7 वोट से जीत-हार का अंतर रहा। संयुक्त सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
करीब पांच हजार आठ सौ चौसठ विद्यार्थियों की छात्र संख्या वाले पिथौरागढ़ महाविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में कुल 8 पदों पर 18 उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें अध्यक्ष पद पर विजेता रहे चंद्र मोहन पांडेय को 1208 मत प्राप्त हुए। चंद्रमोहन के निकतम प्रतिद्वंद्वी रहे भगवान सिंह बिष्ट को 815 वोट मिले। अध्यक्ष पद के अन्य प्रत्याशी आरंभ संस्था के उम्मीदवार किशोर कुमार जोशी को 691 जबकि आशीष कोरंगा को 683 वोट हासिल हुए। अध्यक्ष पद पर 22 छात्र-छात्राओं ने नोटा को भी पसंद किया।
सचिव पद पर दो प्रत्याशियों के बीच आमने-सामने की टक्कर थी और मुकाबले में सिर्फ 7 वोट से योगेश सौन ने बाजी मारी। योगेश 1685 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए जबकि प्रतिद्वंद्वी सूरज सिंह बसेड़ा को 1678 वोट हासिल कर संतोष करना पड़ा। सचिव पद पर 52 वोट नोटा के पक्ष में पड़े। उपाध्यक्ष छात्र के पद पर 1748 वोट हासिल कर मुकेश सिंह मेहता विजयी रहे, प्रतिद्वंद्वी हरीश सिंह धामी 1435 वोट प्राप्त कर सके। इस पद परर 127 ने नोटा को पसंद किया। उपाध्यक्ष छात्रा के पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था जिसमें पूनम महर 1791 वोट हासिल कर विजयी रहीं, जबकि प्रतिद्वंद्वी हेमा को 1457 मत प्राप्त हुए। वहीं संयुक्त सचिव पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी पीयूष रावत निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए।
इनके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर यश लुंठी ने भारी अंतर से जीत दर्ज की। यश को 2269 वोट हासिल हुए और प्रतिद्वंद्वी पंकज तिवारी को 915 वोट प्राप्त हुए। यहां 113 छात्र-छात्राओं ने नोटा को पसंद किया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर हरीश सिंह ने 1513 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके विरोधी तथा निवर्तमान विवि प्रतिनिधि गोवर्धन को 982 और रवींद्र कुमार को 735 मत प्राप्त हुए। इस पद पर 121 ने नोटा का इस्तेमाल किया। सांस्कृतिक सचिव पद पर बब्लू प्रसाद को 2259 वोट हासिल हुए जबकि प्रतिद्वंद्वी अशोक सिंह मेहता को 949 वोट प्राप्त हुए। यहां 171 छात्र-छात्राओं ने नोटा का प्रयोग किया।
मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी पंकज भट्ट ने निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषिणा की और प्राचार्य डाॅ. डीएस पांगती की मौजूदगी में पद की शपद दिलाई। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्राचार्य डाॅ. पांगती ने छात्र-छात्राओं सहित निर्वाचन अधिकारी भट्ट, मुख्य अनुशासक गिरीश पंत, समारोहक डाॅ हेम चंद्र पांडे, दीपक तिवारी, चुनाव कमेटी के सदस्य सतीश जोशी, अभिषेक पंत सहित तमाम सहयोगियों और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

holy-ange-school
Joinsub_watsapp