अल्मोड़ा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा की गई और शत-प्रतिशत मतदाताओं के डिजिटाइजेशन को लेकर रणनीतियां बनाई गईं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सभी के सहयोग से निर्बाध रूप से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अफसरों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया था, जिसके बाद मतदाताओं ने सहयोग करते हुए अपने भरे हुए प्रपत्रों को बीएलओ को सौंपा। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि अब तक जितने भी भरे हुए प्रपत्र प्राप्त हुए हैं, उनका शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा किया जा चुका है।
10.91 प्रतिशत मतदाताओं के प्रपत्र अभी भी शेष
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के मतदाता आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि समूचे जनपद की सभी विधानसभाओं के अंतर्गत वर्तमान में कुल 5,27,424 मतदाता पंजीकृत हैं। हालांकि, उन्होंने एक चिंताजनक आंकड़ा सामने रखते हुए कहा कि व्यापक स्तर पर फॉर्म वितरित किए जाने के बावजूद कुल 57,548 गणना प्रपत्र अब तक विभाग को वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो लगभग 10.91 प्रतिशत मतदाताओं के भरे हुए प्रपत्र बूथ लेवल अफसरों को नहीं मिल सके हैं, जिस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
ड्राफ्ट रोल प्रकाशन से पूर्व युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों से कहा कि ड्राफ्ट रोल (प्रारूप मतदाता सूची) के अंतिम प्रकाशन से पूर्व इन छूटे हुए मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को कलेक्ट करना बेहद जरूरी है। इसके लिए संबंधित मतदेय स्थलों (बूथों) पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों (BLA) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को आपसी बैठकें करनी होंगी।
नोटिस की प्रक्रिया से बचेंगे मतदाता: जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होने से पहले ही इन मतदाताओं के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर उनके प्रपत्र जमा कर लिए जाते हैं, तो मतदाताओं को भविष्य में नोटिस आदि की जटिल वैधानिक प्रक्रिया से नहीं जूझना पड़ेगा।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया। बैठक में मुख्य
अपर जिलाधिकारी (ADM) युक्ता मिश्र,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत के साथ ही जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय राजनैतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि व निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

