LPG Price Hike: आम जनता को महंगाई का बड़ा झटका, तीन महीने में दूसरी बार महंगी हुई घरेलू रसोई गैस

News Article आम लोगों को महंगाई का एक और तगड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी…

lpg cylinder

News Article आम लोगों को महंगाई का एक और तगड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून यानी आज से ही लागू हो गई हैं। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर अब 942 रुपये हो गई है।

25

आम उपभोक्ताओं के बजट पर असर डालने वाला यह फैसला पिछले तीन महीनों में दूसरी बार लिया गया है। इससे पहले बीते 7 मार्च को भी प्रति सिलिंडर दाम में 60 रुपये की भारी वृद्धि की गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह बताया जा रहा है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी कि वैश्विक स्तर पर जारी तनाव के कारण ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस और तेल की कीमतों में लगातार तेजी आ रही है। सरकार के अनुसार मार्च के महीने में 60 रुपये बढ़ाए जाने के बाद भी सरकारी तेल कंपनियों को घरेलू एलपीजी की बिक्री पर भारी घाटा हो रहा था।

इस नई बढ़ोतरी से ठीक पहले तक तेल कंपनियों को सरकार के अनुसार हर घरेलू एलपीजी सिलिंडर बेचने पर लगभग 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था, जिसके चलते कंपनियों के लिए दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। इस बढ़ोतरी के बाद देश के अलग-अलग प्रमुख शहरों में घरेलू रसोई गैस की कीमतें बदल गई हैं।

दिल्ली में अब नया दाम 942 रुपये हो गया है, जबकि मुंबई में यह 941.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता के उपभोक्ताओं को अब एक सिलिंडर के लिए 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये चुकाने होंगे। वहीं पटना में घरेलू सिलिंडर की कीमत 1,031.50 रुपये तक पहुंच गई है और जयपुर में लोगों को अब इसके लिए 945.50 रुपये देने होंगे। रायपुर जैसे शहरों में भी सिलिंडर के दाम एक हजार की सीमा को पार कर चुके हैं, जिससे रसोई का खर्च काफी बढ़ गया है। ईंधन के दामों में बढ़ोतरी का यह सिलसिला केवल रसोई गैस तक सीमित नहीं है बल्कि तेल कंपनियों पर अब भी भारी दबाव बना हुआ है।

सरकारी आंकड़ों और बाजार के रुझानों को देखें तो अकेले मई के महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुकी हैं। इसके साथ ही सीएनजी की कीमतों में भी करीब 6 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। सरकार के अनुसार कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में भी आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Leave a Reply