देहरादून। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) की तबादले फिर बदल दिए गए हैं।
नियुक्तियों को लेकर उठे विवाद के बाद विभाग को महज 72 घंटे के भीतर अपने फैसले में संशोधन करना पड़ा। अब रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में हाल ही में की गई सीएमओ तैनातियों में बदलाव कर नए आदेश जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रारंभिक आदेशों के बाद वरिष्ठता की अनदेखी किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे थे।
इसके बाद रुद्रप्रयाग में सीएमओ पद पर की गई नियुक्ति को बदलते हुए अब डॉ. राजीव पाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले डॉ. अमित शुक्ला के नाम पर सहमति बनी थी, लेकिन वरिष्ठता को लेकर आपत्तियां सामने आई थीं।
वहीं, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में भी अधिकारियों की तैनाती अदल-बदल कर दी गई है।
नए आदेशों के अनुसार डॉ. योगेश पुरोहित के स्थान पर डॉ. हरीश पंत अल्मोड़ा के सीएमओ बनाया गया है। पिथौरागढ़ की सीएमओ द्रौपदी गर्ब्याल होंगी।
