हरीश रावत का भाजपा पर तीखा हमला, बोले— राहुल गांधी की रैली में जुटी भीड़ देखकर भाजपा नेताओं को हुआ ‘मुंह पका’ रोग

उत्तराखंड में राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर विवाद को लेकर सियासी घमासान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 4 जून को अल्मोड़ा में हुई…

harish rawat

उत्तराखंड में राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर विवाद को लेकर सियासी घमासान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 4 जून को अल्मोड़ा में हुई कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी के न पहुंच पाने के मुद्दे पर अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर बेहद तीखा तंज कसा है। हरीश रावत ने कहा कि रैली में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर भाजपा पूरी तरह हताश हो गई है और उसके नेताओं को ‘मुंह पका’ रोग हो गया है, जिसके कारण वे कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं।

25


सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि 4 जून को अल्मोड़ा और पौड़ी में हुई कांग्रेस की जनसभाओं में हजारों की संख्या में लोग खुद अपनी मर्जी से पहुंचे थे। इस विशाल भीड़ ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व का उत्साह बढ़ाने का काम किया। हरीश रावत के मुताबिक, इसी बात से घबराकर सत्ता पक्ष अब बौखलाहट में आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता न सिर्फ विपक्ष के खिलाफ षड्यंत्र रचती है, बल्कि अपने इन षड्यंत्रों को छुपाने के लिए बहुत ही आक्रामक तरीके से झूठ का सहारा भी लेती है।


हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में सभी हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन और निगरानी सीधे तौर पर यूकाडा (UCADA) और डीजीसीए (DGCA) के नियंत्रण में होता है। 4 जून को राहुल गांधी का विमान दिल्ली से पंतनगर तो समय पर आ गया था, लेकिन पंतनगर से उड़ान भरने के बाद मौसम खराब होने का बहाना बनाकर उनके हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर लौटा दिया गया। कांग्रेस का कहना है कि उसी समय उसी रूट पर अन्य सभी सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर आसानी से उड़ रहे थे, तो राहुल गांधी का डबल इंजन हेलीकॉप्टर क्यों नहीं जाने दिया गया।


पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि जब कांग्रेस ने इस तकनीकी चूक और भेदभाव को लेकर सच बात जनता के सामने रखी तो भाजपा के नेता पूरी तरह बौखला गए हैं। वे अपनी कमियों को छुपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को दबाने वाली नहीं है और जनता के सामने इस प्रशासनिक विफलता का सच लगातार लाती रहेगी।

Leave a Reply