सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में रविवार 10 मई को लखनऊ घराना तबला के ख़लीफ़ा उस्ताद आफ़ाक़ हुसैन ख़ाँ साहब की स्मृति में एक भव्य शास्त्रीय संगीत समारोह 2026 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ाँ साहब एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया, जिसके बाद स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए श्रीमती लता पांडे, पंडित चन्द्रशेखर तिवारी, प्रभात शाह और निर्मल पंत को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति में राजेंद्र नयाल और सुनील कुमार के शिष्यों, ऋतु जोशी व राजकुमार ने तबले पर शानदार जुगलबंदी पेश कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद लखनऊ की शास्त्रीय गायिका श्रीमती रश्मि चौधरी के गायन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिनके साथ उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ाँ (तबला), दिनकर द्विवेदी (हारमोनियम), ऋतु जोशी और नेहा मुनगली (तानपुरा) ने संगत की।
शारदा पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह का मुख्य आकर्षण मुंबई के विख्यात पंडित योगेश समसी का एकल तबला की अद्भुत प्रस्तुति ने पूरे हॉल को संगीत के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के आयोजन में पंकज कुमार चौधरी, शेखर लखचौरा, विनीता शेखर, राघव पंत, अशोक पांडेय, राजेंद्र सिंह नयाल और सुनील कुमार की मुख्य भूमिका रही। मंच का संचालन माधुरी कैड़ा और भास्कर साह ने किया।


