देहरादून। प्रदेश भर में लगातार हो रही भारी वर्षा और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़कों के बंद होने से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार यात्रा मार्गों पर पहले से मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों, रैन बसेरों और होल्डिंग पॉइंट्स पर ठहराया गया है।
प्रशासन ने कहा है कि जब तक यात्रा मार्ग पूरी तरह साफ और सुरक्षित नहीं हो जाते, तब तक श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से यात्रियों तक सटीक और समयबद्ध जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केवल एक एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है। जैसे ही मौसम साफ होगा और मार्ग की परिस्थितियां सामान्य होंगी, यात्रा का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देंने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

