नैनीताल में शिक्षिका से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला, प्रधान पति पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज

नैनीताल के नज़दीकी ग्रामीण क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ने क्षेत्र के प्रधान पति पर अश्लील हरकतें, गालीगलौज और मारपीट जैसे गंभीर…

Uttra News Image

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25

नैनीताल के नज़दीकी ग्रामीण क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ने क्षेत्र के प्रधान पति पर अश्लील हरकतें, गालीगलौज और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 352 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिक्षिका के अनुसार, पहली घटना बीते वर्ष 3 दिसंबर को हुई जब आरोपी जीवन सिंह नेगी जबरन स्कूल में घुस आया। उसने बच्चों को कक्षा से बाहर भेजा और शिक्षिका से बदसलूकी करने लगा। किसी तरह खुद को बचाते हुए शिक्षिका ने तत्काल इस घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।

इसके बाद 8 दिसंबर को आरोपी दोबारा स्कूल पहुंचा और कक्षा में घुसते ही शिक्षिका का हाथ मरोड़ते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बताया गया कि उस दौरान बीच बचाव करने की कोशिश कर रहे बच्चों को भी उसने धमकाया। मामला मंगोली पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद कुछ समय तक स्थिति शांत रही।

पीड़िता का कहना है कि 13 फरवरी को आरोपी फिर स्कूल में घुस आया और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ करने के साथ बच्चों से मारपीट की। लगातार हो रही इन घटनाओं से परेशान होकर शिक्षिका ने एक बार फिर पूरी घटना का विवरण कोतवाली में दिया।

कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर खुपताला निवासी जीवन सिंह नेगी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।