जनपद पौड़ी गढ़वाल के सतपुली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटद्वार रोड स्थित कुल्हाड़ बैण्ड के पास एक जेसीबी वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 120 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से एएसआई प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर जेसीबी अत्यंत गहरी और दुर्गम खाई में फंसी हुई थी, जिससे रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने हौसला दिखाते हुए रेस्क्यू उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई।
कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान बाबूराम शर्मा (57 वर्ष) पुत्र बलवीर प्रसाद शर्मा, निवासी काशीरामपुर, कोटद्वार के रूप में हुई है। एसडीआरएफ टीम ने शव को खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुँचाया और अग्रिम कार्यवाही के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

