Pithoragarh- भाजपा जनपद प्रभारी और सह प्रभारी पहुंचे पिथौरागढ़, कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली

editor1
2 Min Read

पिथौरागढ़। अपने चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत रविवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा जनपद पिथौरागढ़ के प्रभारी बलवंत भौंर्याल और सह प्रभारी एवं पूर्व में अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल यहां पहुंचे। इस मौके पर पार्टी जिला कार्यालय में दोनों नेताओं ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। आगामी कुछ समय में गठित होने जा रही जिले की नई टीम को लेकर भी उन्होंने रायशुमारी की। दोनों नेताओं ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए धारदार संगठन हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।

इस दौरान नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहां की पार्टी सभी को साथ लेकर और सबका सम्मान करते हुए चलेगी। आने वाले समय में पालिका, सहकारिता, त्रिस्तरीय पंचायत और 2024 के लोकसभा चुनाव है। जोशी ने कहा कि पार्टी इन सभी चुनाव को पूरे दमखम के साथ लड़ेगी और सभी जगहों पर पार्टी प्रत्याशी को जीत दिला कर एक मिसाल कायम करेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने अतिथियों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने भी उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश देवलाल, बीरेन्द्र साह, गणेश भंडारी, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, बीरेंद्र बोरा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष देवी दत्त जोशी, गेहराज पांडेय, राजेश शर्मा सहित जनपद के सभी 17 मण्डलों के अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चों के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।