अल्मोड़ा नगर की मुख्य माल रोड के डामरीकरण को लेकर गरमाई सियासत के बीच अब भारतीय जनता पार्टी ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है। भाजपा नगर महामंत्री देवेन्द्र भट्ट ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयानों को पूरी तरह भ्रामक और राजनीतिक निराशा का परिणाम करार दिया है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को जनहित से ज्यादा राजनीतिक अवसर तलाशने की चिंता सता रही है।
देवेन्द्र भट्ट ने कहा कि माल रोड पर डामरीकरण का कार्य एक तय तकनीकी और विभागीय प्रक्रिया के तहत ही किया जा सकता है। सड़क की गुणवत्ता भविष्य में प्रभावित न हो, इसके लिए पुलियों (कलवर्ट) के निर्माण जैसे सभी आधारभूत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बरसात के मौसम और तकनीकी मानकों को ध्यान में रखकर ही विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने याद दिलाया कि जिन नेताओं को आज माल रोड की बदहाली पर चिंता हो रही है, वे अपने शासनकाल में नगर की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति सुधारने में पूरी तरह नाकाम रहे थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार घोषणाओं में नहीं बल्कि धरातल पर परिणाम देने में विश्वास रखती है। माल रोड के डामरीकरण सहित सभी जनहित के कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही पूरे किए जाएंगे।
देवेन्द्र भट्ट ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने और अनावश्यक आंदोलनों की चेतावनी देने के बजाय उन्हें सकारात्मक सहयोग की राजनीति करनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग जल्द ही सभी विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर डामरीकरण का कार्य आरंभ कर देगा, जिससे नगरवासियों और पर्यटकों को आवागमन में बेहतरीन सुविधा मिलेगी।
