अल्मोड़ा माल रोड पर डामरीकरण न होने से कांग्रेस नाराज, अधीक्षण अभियंता के घेराव की दी चेतावनी

अल्मोड़ा नगर की सबसे प्रमुख और व्यस्त रहने वाली माल रोड की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा गुस्सा है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ताराचंद…

congress-protest-over-almora-mall-road-tarmacking-delay-warns-pwd-superintending-engineer

अल्मोड़ा नगर की सबसे प्रमुख और व्यस्त रहने वाली माल रोड की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा गुस्सा है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने लोक निर्माण विभाग और भाजपा नेताओं पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। ताराचंद जोशी ने कहा कि भाजपा नेताओं और विभाग के अधिकारियों ने दो महीने पहले जनता के बीच दावा किया था कि माल रोड के डामरीकरण के लिए हॉटमिक्स का टेंडर हो चुका है और तीन दिन के भीतर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बावजूद आज तक धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हो सका है।

25


कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि करीब पंद्रह दिन पहले माल रोड पर सभी कलवर्ट का काम भी पूरा हो चुका है। इसके बाद भी सड़क को सुधारने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक हफ्ते के भीतर माल रोड पर हॉट मिक्स तकनीक से डामरीकरण का काम शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर उनका घेराव करेंगे।


कार्यकर्ताओं का कहना है कि माल रोड सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि अल्मोड़ा नगर की मुख्य पहचान है। इस मार्ग से रोज हजारों स्थानीय लोग और पर्यटक आते-जाते हैं। सड़क की हालत इतनी ज्यादा खराब हो चुकी है कि जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं और डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। इससे वाहन चालकों को परेशानी हो ही रही है, साथ ही पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।


कांग्रेस नेता तारा चंद्र जोशी ने कहा कि इस समस्या को लेकर पार्टी ने करीब एक महीने पहले जेल रोड में धरना-प्रदर्शन भी किया था। उस समय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर माल रोड को जल्द सुधारने की मांग की गई थी। तब अधिकारियों ने बहुत जल्द काम शुरू कराने का भरोसा दिया था, लेकिन हकीकत में स्थिति जस की तस बनी हुई है।


तारा चंद्र जोशी ने कहा कि पहाड़ में बरसात का मौसम शुरू हो गया है और अगर अब भी सड़क ठीक नहीं की गई, तो हालात और ज्यादा बिगड़ जाएंगे। बारिश के पानी से गड्ढे भर जाएंगे जिससे पूरी सड़क तालाब बन जाएगी और लोगों का चलना मुश्किल हो जाएगा। कांग्रेस ने साफ किया है कि इसके बाद जो भी परेशानियां आम जनता को होंगी, उसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।


कांग्रेस नेता तारा चंद्र जोशी ने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों और जनता की दिक्कतों को लेकर न तो विभाग गंभीर है और न ही सरकार। नगर की मुख्य सड़क की ऐसी दुर्दशा सरकार की उपेक्षा को साफ दर्शाती है। कांग्रेस ने बिना एक हफ्ते के भीतर माल रोड पर डामरीकरण का काम शुरू कराने मांग करते हुए ऐसा ना होने पर अधीक्षण अभियंता के घेराव की चेतावनी दी है।

Leave a Reply