देहरादून। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों का अटैचमेंट खत्म कर दिया गया है।
अब विभाग ने 31 मार्च 2026 तक जारी सभी सम्बद्धीकरण आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए अटेचमेंट को खत्म करने के आदेश को प्रभाव से लागू करते हुए कार्मिकों को मूल तैनाती स्थल लौटने को कहा है, यही नहीं आदेश के अनुसार संबंधित कार्मिकों के माह जून का वेतन मूल तैनाती स्थल से ही आहरित किया जाएगा।
बताते चलें कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में यह आदेश जारी किया गया है।
आदेश के अनुसार विभाग के अंतर्गत विभिन्न मंडलों और जिलों में सम्बद्ध अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल उनके मूल तैनाती स्थल के लिए कार्यमुक्त किया जाएगा। इस संबंध में सभी मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आदेश में सभी सक्षम प्राधिकारी एवं आहरण-वितरण अधिकारीयों को निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा गया है। सम्बद्ध किए गए कार्मिकों का जून 2026 तथा आगामी महीनों का वेतन उनके मूल तैनाती स्थल पर पुनः योगदान देने के बाद ही आहरित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की सचिव सुनीता टम्टा द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब विभाग में लंबे समय से विभिन्न कार्यालयों और संस्थानों में सम्बद्ध चल रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मूल पदस्थापन स्थल पर लौटना होगा।
