जनपद अल्मोड़ा के द्वाराहाट में इस वर्ष से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हो जाएगी।
इसके लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन के अपर आयुक्त दीपेश गहलोत द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। इस आदेश के जारी होने पर समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
लोगों ने इसके लिए आंदोलन भी किए थे और लंबा इंतजार भी अब आदेश जारी होने पर लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है।
सोशल मीडिया में लोग एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं।
अपर आयुक्त गहलोत ने जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि का हस्तांतरण केंद्रीय विद्यालय संगठन के पक्ष में किए जाने के साथ ही विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त अस्थाई भवन उपलब्ध होने के उपरांत इसकी स्वीकृति प्रदान की गई है। द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय का संचालन शैक्षिक सत्र 2026-27 से किया जाएगा।
इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ ही केंद्रीय विद्यालय संगठन का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से इस क्षेत्र में शिक्षा का अनुकूल वातावरण सृजित होगा तथा क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
इधर केवी के लिए जी-जान से जुटे क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह अधिकारी ने भी इसे धैर्य, जनांदोलन और लंबे संघर्ष की जीत बताया है उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि-
“माँ दुनागिरी के आशीर्वाद से आज हम सभी द्वाराहाट/चौखुटिया के नागरिकों को वह ख़ुशख़बरी मिल गई है , जिसका इंतज़ार हमें पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से था ।
आज केंद्रीय विद्यालय संगठन के मुख्यालय ने द्नाराहाट केन्द्रीय विद्यालय के संचालन का ऑफ़िस ऑर्डर जारी कर दिया है । 1 जुलाई से नये सत्र के आरम्भ होने की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ”
इधर विधायक मदन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी सामाजिक कार्यकर्ता नारायण सिंह ने भी द्वाराहाट में केवी को इसी सत्र में मंजूरी मिलने पर प्रसन्नता जताई है। विधायक मदन सिंह बिष्ट व पूर्व विधायक त्रिपाठी ने इसे जनांदोलनों और जनता की जीत बताया है।
उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी ने भी द्वाराहाट में केवी की स्थापना के निर्णय का स्वागत किया है और कहा कि यह जनता के लंबे जनांदोलनों और एकजुटता का परिणाम है।
