अल्मोड़ा। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। सोमवार २० जुलाई को जनपद अल्मोड़ा के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शासकीय, अर्धशासकीय व निजी स्कूलों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम के खराब रुख को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड के कई जनपदों सहित अल्मोड़ा में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम के इस पूर्वानुमान के कारण भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरना और जलभराव जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं के तहत यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिए हैं कि वे सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने को कहा है।

