अल्मोड़ा/देहरादून। दिल्ली में होने वाले संसद मार्च में शामिल होने जा रहे उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष प्रभात ध्यानी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संयोजक पीसी तिवारी ने कहा कि संसद मार्च में शामिल होने दिल्ली जा रहे पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और राज्य आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी को सुरक्षा बलों ने ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।
पी सी तिवारी ने बताया कि उपपा अध्यक्ष कल जंतर-मंतर पर होने वाले संसद मार्च में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सीआरपीएफ ने उन्हें गिरफ्तार कर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।
गिरफ्तारी के दौरान प्रभात ध्यानी का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है, जिससे उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा।
पी सी तिवारी ने केंद्र व राज्य सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए प्रभात ध्यानी को तत्काल सुरक्षित रिहा करने की मांग की। अन्यथा पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता में भारी असंतोष है। इसी आवाज़ को दबाने के लिए सरकार अलोकतांत्रिक तरीके अपना रही है। अब जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

