अल्मोड़ा जिले में युवाओं के लिए रोजगार का एक मौका सामने आया है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड के निर्देशों के बाद अल्मोड़ा में पुरुष होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। जिला कमान्डेंट होमगार्ड्स नितिन काकेरवाल ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में जून महीने के अंत तक खाली हो रहे कुल 30 पदों को भरने के लिए इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र मांगे गए हैं।
इस भर्ती में शामिल होने के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया कल 10 जून 2026 से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जिला कमान्डेंट होमगार्ड्स, पूर्वी पोखरखाली, जेल रोड, अल्मोड़ा में जाकर निःशुल्क आवेदन पत्र का प्रारूप हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा युवाओं की सुविधा के लिए विभाग ने फॉर्म ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया है, जिसे अभ्यर्थी जिले के ऑफिशियल फेसबुक पेज Homeguards almora से सीधे डाउनलोड कर सकते हैं।
भरे हुए आवेदन फॉर्म को व्यक्तिगत रूप से दफ्तर जाकर या फिर डाक के माध्यम से किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय में जमा कराया जा सकता है। फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 30 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक तय की गई है। बिना स्वप्रमाणित (सेल्फ अटेस्टेड) दस्तावेज वाले, अधूरी जानकारी वाले या तय समय के बाद मिलने वाले आवेदनों को सीधे खारिज कर दिया जाएगा। जो लोग खुद दफ्तर जाकर फॉर्म जमा करेंगे, उन्हें एक रसीद दी जाएगी, जिसे शारीरिक नाप-जोख और दक्षता परीक्षा के समय दिखाना अनिवार्य होगा। डाक से मिलने वाले फॉर्म्स की भर्ती तारीख और अन्य जरूरी अपडेट्स विभाग के फेसबुक पेज पर शेयर किए जाएंगे।
भर्ती के लिए जरूरी नियमों और योग्यताओं की बात करें तो अभ्यर्थी का उत्तराखंड राज्य के किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से कम से कम दसवीं पास होना जरूरी है। आवेदन करने वाले युवाओं की उम्र 18 साल से कम और 40 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
शारीरिक योग्यता के मानकों में सामान्य और ओबीसी (अनारक्षित/अन्य पिछड़ा वर्ग) के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर होना अनिवार्य है। इसके अलावा अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 157.50 सेंटीमीटर और पर्वतीय क्षेत्र के मूल निवासी अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर तय की गई है। योग्य उम्मीदवारों को इन सभी मानकों को पूरा करना होगा।
