अल्मोड़ा। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली मॉल रोड एक बार फिर अपराधियों के दुस्साहस की गवाह बनी है। आरोप है कि बीती रात करीब 10 बजे एक युवक ने मॉल रोड पर न केवल खुलेआम गाली-गलौज और बदतमीजी का तांडव किया, बल्कि पूर्व सभासद और होटल मालिक राजेंद्र तिवारी और उनके स्टाफ पर हमला भी कर दिया।
इस हमले में राजेंद्र तिवारी की आंख में गंभीर चोट आई है। आरोप हे कि उक्त युवक का मॉल रोड पर करीब 1-2 घंटे तक आतंक जारी रहा, जिससे वहां से गुजरने वाले पर्यटक, महिलाएं, बच्चे और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
पीड़ित राजेंद्र तिवारी ने कोतवाली अल्मोड़ा में दी गई तहरीर में बताया कि हमलावर युवक ने पहले सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता की और जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो उसने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल होटल स्टाफ को धमकाया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित का कहना है कि शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में ऐसी गुंडागर्दी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। आरोपी की इस हरकत के कारण इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
राजेंद्र तिवारी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को खुला न छोड़ा जाए, अन्यथा भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। पीड़ित ने कहा है कि वह इस मामले को लेकर आज दोपहर 2 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मिलकर मामले की गंभीरता से जांच और आरोपी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और व्यापारियों से भी इस घटना के खिलाफ एकजुट होकर सहयोग की अपील की है।
