अल्मोड़ा। अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आज ‘राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रहे। समारोह में प्रदेश भर के 32 व्यक्तियों, संगठनों और समूहों को उनके नवाचारी व सतत विकास कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, एसडीजी की वार्षिक रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले 6 जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें रुद्रप्रयाग ने प्रथम स्थान हासिल किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह गौरव का विषय है कि एक समय नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, लेकिन आज राज्य पूरे देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण का संतुलन ही उत्तराखंड की असली ताकत है। उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि और बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश के ‘कर्मयोगियों’ के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि रिवर्स पलायन में हो रही वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि राज्य की विकास यात्रा सही दिशा में है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी शिरकत की और राज्य की उपलब्धि पर गर्व जताया। प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी रैंकिंग और प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। रैंकिंग में रुद्रप्रयाग प्रथम, उत्तरकाशी और नैनीताल द्वितीय, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल सहित कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।
