अल्मोड़ा,9 मई 2026 सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा एक बार फिर शास्त्रीय संगीत के सुरों से गुंजायमान होने वाली है। आगामी 10 मई 2026 को एक भव्य ‘शास्त्रीय संगीत समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शारदा पब्लिक स्कूल के प्रेक्षागृह में लखनऊ घराने के सुप्रसिद्ध तबला वादक खलीफा उस्ताद आफ़ाक़ हुसैन की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है ।
दिग्गज कलाकारों का होगा जमावड़ा
इस संगीत संध्या में देश के जाने-माने कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में लखनऊ की रश्मि चौधरी अपने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगी। उनके साथ लखनऊ के उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ाँ तबले पर और अयोध्या के दिनकर द्विवेदी हारमोनियम पर संगत करेंगे। इसके अलावा मुंबई के सुप्रसिद्ध तबला वादक पं० योगेश समसी एकल तबला वादन की प्रस्तुति देंगे और उनके साथ अयोध्या के दिनकर द्विवेदी हारमोनियम लहरा पर संगत करेंगे ।
गुरु-शिष्य परंपरा का प्रदर्शन
समारोह में गुरु-शिष्य परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। अल्मोड़ा के राजेन्द्र सिंह नयाल और सुनील कुमार के शिष्यों की ओर से राज कुमार और ऋतु जोशी तबला वादन पेश करेगें,उनके साथ नेहा मुनगली हारमोनियम लहरा पर संगत करेंगी।
कार्यक्रम में खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ाँ (पुत्र खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन ख़ाँ) विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे ।
आयोजन की तैयारी पूरी
समारोह को सफल बनाने के लिए आयोजक मंडल के पंकज कुमार चौधरी, शेखर लखचौरा, विनीता लखचौरा,राघव पंत,अशोक पाण्डेय,सुनील कुमार और राजेन्द्र सिंह नयाल जुटे हुए हैं।यह कार्यक्रम रविवार शाम 4 बजे से शुरू होगा ।