अल्मोडा कलेक्ट्रेट स्थानान्तरण के सम्बन्ध में बैठक आयोजित, नये भवन में यह सुविधाएं होंगी उपलब्ध

Newsdesk Uttranews
1 Min Read

5d664e121c0e18326dc79cf1ddb1df9f

new-modern

अल्मोड़ा। 31 अगस्त, 2021- जिलाधिकारी वन्दना सिंह ने आज नवीन कलेक्ट्रेट भवन में स्थानान्तरण के सम्बन्ध में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कलेक्ट्रेट के आन्तरिक कार्यों हेतु उत्तरदायी कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने नवीन कलेक्ट्रेट भवन के मीटिंग हाल व वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल के कार्यों को 15 सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। 

जिलाधिकारी ने नवीन कलेक्ट्रेट हेतु आवागमन के लिए शटल सेवा चलाने हेतु आवश्यक योजना बनाने के निर्देश भी आरटीओ को दिये। बैठक में आरटीओ द्वारा अवगत कराया गया कि शुरूआत में दो टैक्सियों के माध्यम से आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। इसके बाद आवश्यकता पड़ने पर अन्य व्यवस्था पर विचार किया जायेगा इसके लिए टैक्सी यूनियन से वार्ता चल रही है। 

कलेक्ट्रेट में कैन्टीन के संचालन की व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये। कहा कि नवीन कलेक्ट्रेट परिसर में बैंक व एटीएम की सुविधा दी जायेगी जिससे अधिक से अधिक लोग सुविधा का लाभ ले सकें। 

इस दौरान उन्होंने अन्य कई विषयों पर भी अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पाण्डे के अलावा अन्य सभी अधिकारी उपस्थित रहे।