महिला ने मछली का सूप पिया तो गले में घुस गई हड्डी, हफ्तों बाद गर्दन की स्किन फाड़कर बाहर निकली

थाईलैंड में एक महिला के साथ ऐसा वाकया हुआ है जिसने सबको हैरान कर दिया है। मामला कुछ हफ्ते पहले शुरू हुआ जब सांग नाम…

IMG 20250701 190553

थाईलैंड में एक महिला के साथ ऐसा वाकया हुआ है जिसने सबको हैरान कर दिया है। मामला कुछ हफ्ते पहले शुरू हुआ जब सांग नाम की महिला ने मछली का सूप पिया था। उस वक्त उसे कुछ खास महसूस नहीं हुआ बस हल्का सा गले में दर्द हुआ। पहले तो उसने इसे मामूली समझा और सोचा कुछ देर में ठीक हो जाएगा। उसने घर में ही कई नुस्खे अपनाए। चावल खाए रोटी निगली ताकि गले में जो अटक गया है वो नीचे उतर जाए। मगर कुछ भी काम नहीं आया। दर्द बना रहा।

फिर वह डॉक्टर के पास गई। एक्सरे कराया लेकिन उसमें कुछ नजर नहीं आया। डॉक्टरों ने भी यही समझा कि शायद अब सब ठीक है। उन्होंने दर्द की दवा दी और उसे घर भेज दिया। लेकिन उसकी परेशानी खत्म नहीं हुई। कुछ दिन बाद जब दर्द बढ़ता गया तो उसने फिर डॉक्टर से संपर्क किया। थायरॉइड से जुड़ी आशंका जताई गई। जांच हुई लेकिन फिर भी कुछ साफ नहीं निकला। उसे अब भी दर्द से राहत नहीं मिल रही थी।

फिर 17 जून को जब वह अपने गले पर मरहम लगा रही थी तो उसे कुछ अजीब सा महसूस हुआ। स्किन में कुछ चुभने जैसा। गौर से देखा तो उसकी गर्दन के किनारे से एक नुकीली चीज बाहर आ रही थी। उसने हल्का सा दबाया तो महसूस हुआ जैसे कोई सुई सी चीज अंदर से निकल रही है। डर के मारे उसने तुरंत अपने पति सुरियन को बताया। सुरियन ने फेसबुक पर इसकी तस्वीरें शेयर की और सभी को आगाह किया कि मछली खाते समय सावधानी बरतें।

डॉक्टरों के मुताबिक जो चीज उसकी गर्दन से निकल रही थी वो मछली की वही हड्डी थी जो सूप के साथ निगल ली गई थी। वह गले की मांसपेशियों को चीरती हुई धीरे धीरे बाहर निकलने लगी थी। मामला इतना डरावना था कि मेडिकल टीम भी हैरान रह गई। इस घटना के बाद अब सांग का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। लेकिन यह घटना मछली खाने वालों के लिए एक बड़ी चेतावनी बन गई है।