दिल्ली में मौसम फिर बदलने की तैयारी, कोहरा 26 दिसंबर से दोबारा बढ़ेगा

दिल्ली में बुधवार को धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। दिनभर हवा चलती रही, जिससे प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद…

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25


दिल्ली में बुधवार को धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। दिनभर हवा चलती रही, जिससे प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद जताई गई। एनसीआर के इलाकों में भी बुधवार को हवा का रुख थोड़ा तेज देखने को मिला।


मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 26 दिसंबर से दिल्ली और एनसीआर में मौसम का रुख फिर बदलेगा। विभाग का कहना है कि दोबारा कोहरा बढ़ेगा और सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है।
बुधवार रात हल्की धुंध का अनुमान है, जबकि गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा दिखाई दे सकता है। इसके बाद शुक्रवार से मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। इस दिन दिल्ली में आंशिक बादल और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर घना कोहरा भी पड़ सकता है।


मौसम विभाग ने 27 दिसंबर के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन सुबह कई जगहों पर कोहरा रहेगा और आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका दिखाई देगा। विभाग का कहना है कि 28 दिसंबर तक ठंड और बढ़ जाएगी। 25, 26 और 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री के बीच रह सकता है।


28 दिसंबर को भी हल्के बादल नजर आ सकते हैं। सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है और तापमान फिर इसी स्तर पर रिकॉर्ड किया जा सकता है। 29 और 30 दिसंबर को आसमान साफ रहने के बावजूद सुबह कोहरा बना रहेगा।


मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में अगले छह दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। एनसीआर में भी हालात लगभग दिल्ली जैसे ही रहने के आसार हैं। कुल मिलाकर 26 और 27 दिसंबर को कोहरे का असर ज़्यादा रहेगा और महीने के आखिरी दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।