देश में हीट वेव के बीच कई हिस्सों में भारी वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई राज्यों में गर्मी का प्रभाव भी देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटे में तेज हवाएं और बिजली गिरने की कई घटनाएं दर्ज की गई है। इसे लेकर मौसम विभाग में अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की संभावना है। ऐसे में कई इलाकों में तेज आंधी और वज्रपात की घटना भी देखी जा रही है।
उनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़. विदर्भ, गंगीय पश्चिमी बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अरूणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा राज्य भी शामिल है।
इसके अलावा, पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ राज्य में और विदर्भ के इलाके में भारी ओलावृष्टि की घटना दर्ज की गई है।
वहीं उत्तरी कर्नाटक, तमिलनाडु, कराईकाल, केरल इलाकों में भी भारी बारिश हुई है। राजस्थान के कुछ इलाकों में हीट वेव और पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी की घटना दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में आज से लू और हीट में कमी आ सकती है। पश्चिमी हिमालय इलाकों में गरज के साथ अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर के बारिश भी होगी। इसी बीच कई राज्यों में आज भारी वर्षा की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत में (उत्तर प्रदेश को छोड़कर) अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी प्रकार के बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, उसके अगले 5 दिनों में 2-4 डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने तेज हवाओं और वाजपत को लेकर कई जगह ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें जम्मू कश्मीर उत्तराखंड और झारखंड शामिल है। इसके अलावा ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है, पूरे पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण प्रायद्वीप भारत और मध्य भारत में वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में धूल भरी आंधी अभी जारी रहेगी और मध्य प्रदेश के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।