अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में रविवार 31 मई 2026 की सुबह मौसम के बदले मिजाज के साथ हुई। क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मई महीने में भी हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। वही जंगलों में लग रही आग से भी राहत मिली है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर दी गई जानकारी के मुताबिक सुबह 8:30 बजे तक जनपद के अधिकांश अंचलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम बदलने से जहां पारा गिरा है, वहीं पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान की बात करें तो बारिश के चलते जिले में अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 15°C दर्ज किया गया है।
बीते 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश?
अल्मोड़ा आपदा प्रबंधन केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले के अल्मोड़ा मुख्यालय, चौखुटिया और जागेश्वर क्षेत्र में सबसे ज्यादा मेघ बरसे हैं। विभिन्न तहसीलों और अंचलों में दर्ज की गई बारिश (मिलीमीटर में) की स्थिति इस प्रकार है:
अल्मोड़ा (मुख्यालय): 30.0 mm
चौखुटिया: 28.0 mm
जागेश्वर: 26.0 mm
द्वाराहाट: 13.5 mm
सोमेश्वर: 10.0 mm
मासी: 3.5 mm
भिकियासैंण: 1.5 mm
सल्ट: 1.5 mm
रानीखेत: 0.8 mm , ताकुला, शीतलाखेत, भैंसियाछाना और जैंती क्षेत्र के आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।
जिले के मुख्य मार्गों की ताजा स्थिति
राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109): अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) क्वारब लैंडस्लाइड ज़ोन में चल रहे सुधारीकरण/उपचार कार्य (Mitigation Work) के कारण यातायात के लिए पूरी तरह बंद है। इस मार्ग का उपयोग करने वाले यात्रियों को पूर्व में जारी डायवर्जन प्लान के तहत ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
राहत की बात यह है कि मुख्य हाईवे बंद होने के बावजूद जिले के अन्य सभी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), राज्य मार्ग (SH), मुख्य जिला सड़कें (MDR), अन्य जिला सड़कें (ODR) और ग्रामीण सड़कें (VR) यातायात के लिए पूरी तरह खुली हैं और वहां वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है।
लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी रूटों पर सफर करने वाले चालकों को विशेष सावधानी बरतने और नदी-नालों के किनारे न जाने की सलाह दी है।
