2009 का इतिहास दोहराएगा उत्तराखण्ड,बोले कांग्रेस चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर राजीव महर्षि

Newsdesk Uttranews
2 Min Read

देहरादून,10 अप्रैल 2024

new-modern

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चीफ मीडिया को-ऑर्डिनेटर राजीव महर्षि ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में 2009 का इतिहास दोहराया जाएंगा। उन्होंने कहा कि 2009 की तरह ही पांचो लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे।


राजीव महर्षि ने कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र को प्रदेश की जनता ने हाथोंहाथ लिया है। उन्होनें कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर लोगों को बिल्कुल भी भरोसा नहीं रह गया है। कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने में भाजपा सरकार विफल रह, उल्टे सरकार वीआईपी को बचाने का षड्यंत्र ही रचती रही हैं। बेरोजगारों के हकों पर डाका डालने के लिए भाजपा ने ही हाकम सिंह पाले और तिवारी सरकार के भू कानून की धज्जियां उड़ाने का पाप भी भाजपा की सरकार ने ही किया है।


महर्षि ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कोई असंभव वादा नहीं किया है बल्कि व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए केंद्र सरकार के रिक्त तीस लाख पदों पर स्थाई नियुक्ति की बात की है। इससे हर वर्ष दो करोड़ लोगों को नौकरी का वादा करने वालों के चेहरे का नकाब उतरेगा।


उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चीफ मीडिया को-ऑर्डिनेटर राजीव महर्षि ने कहा कि उत्तराखंड में नौजवानों के लिए रोजगार और देश सेवा के जज्बे की पूर्ति सेना से होती है, भाजपा सरकार ने अपने निहित स्वार्थों के लिए अग्निवीर का झुनझुना थमा दिया। युवा इस बात को समझ चुके हैं। कांग्रेस ने अग्निवीर योजना खत्म कर स्थाई नियुक्ति का वादा किया है। इस पर प्रदेश के लोगों को भरोसा है।


महर्षि ने कहा कि पूरे उत्तराखंड में इस समय एक अंडर करेंट की स्थिति है। लोग चुपचाप 19 अप्रैल को हाथ के निशान का बटन दबाने जा रहे हैं और निश्चित रूप से 2009 के इतिहास की पुनरावृत्ति होगी और कांग्रेस उत्तराखंड की पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगी।