उत्तराखण्ड़ परिवर्तन पार्टी चलायेगी ‘आओ मिले-जुड़ें-बदलें’ अभियान

रामनगर। उत्तराखण्ड़ परिवर्तन पार्टी नये साल में 11 जनवरी से तीन माह लम्बा ‘आओ मिले-जुड़ें-बदलें’ अभियान चलायेगी। अभियान का शुभारम्भ देहरादून से होगा तथा समापन…

रामनगर। उत्तराखण्ड़ परिवर्तन पार्टी नये साल में 11 जनवरी से तीन माह लम्बा ‘आओ मिले-जुड़ें-बदलें’ अभियान चलायेगी। अभियान का शुभारम्भ देहरादून से होगा तथा समापन 11 अप्रैल को पार्टी के द्विवार्षिक अधिवेशन में होगा। पार्टी इस अभियान के माध्यम से आम जनता के प्रमुख सवालों को केन्द्र में लाते हुये जनता को गोलबन्द करेगी। पार्टी ने आम जनता से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25

उत्तराखण्ड़ परिवर्तन पाटी के केन्द्रीय उपाध्यक्ष प्रभात ध्यानी ने प्रेस को जारी एक बयान में बताया कि पार्टी 11 जनवरी से 11 अप्रैल के मध्य भाजपा-कांग्रेस की जनविरोधी सामाजिक, आर्थिक, राजैनैतिक, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने तथा सामाजिक ताने बाने को खत्म करने वाली नीतियों के खिलाफ ‘आओ मिलें-जुडें-बदलें’ अभियान शुरू करेगी। ध्यानी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों का खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है। आज देश एवं प्रदेश का छात्र-नौजवान, किसान, मजदूर, महिला, कर्मचारी, व्यापारी सहित हर वर्ग इनकी जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। भाजपा-कांग्रेस व उनकी सरकारें अपनी नाकामियों को छुपाने के लिये जनता के वास्तविक सवालों से उनका ध्यान बांटने के लिये धर्म, जाति व छद्म राष्टृवाद को उभार कर लोगों को बांटने की घृणित राजनीति कर रहे हैं। उपपा भाजपा-कांग्रेस की बांटो व राज करो की नीति को कामयाब नहीं होने देगी तथा जनता के मध्य जाकर उनके वास्तविक सवालों शिक्षा, स्वास्थय, रोजगार, मंहगाई, भ्रष्टाचार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन में कटौती, जल-जंगल-जमीन पर जनता के अधिकार, महिला सुरक्षा, सामाजिक-सदभाव, पलायन, विस्थापन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर संवाद करने के बाद उन्हें एकजुट करेगी।

उपपा उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी 3 चरणों में इस अभियान को चलायेगी। पहले चरण जनवरी में पार्टी ऐसे लोगों से व्यक्तिगत जन सम्पर्क करेगी जिनकी सामाजिक, राजनैतिक पृष्ठभूमि रही है तथा सामाजिक व राजनैतिक रूप से एक समय सक्रिय रहे हैं। दूसरे चरण में पार्टी जनसंगठनों के समूहों से वर्तमान सामाजिक, राजनैतिक परिदृश्य पर उनसे बात कर उनकी भूमिका के बारे में जानने का प्रयास करेगी। तृतीय चरण में पार्टी आम जनता से सीधे संवाद करेगी, इसके लिये तहसील, ब्लाक तथा जिला मुख्यालयों तक जाकर लोगों से विचार विमर्श कर आगे के कार्यक्रम तय करेगी।