देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन के बाद उत्तराखंड शासन द्वारा पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय राजकीय शोक की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। उत्तराखंड शासन के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा जारी सरकारी आदेश के अनुसार, दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में दिनांक 19 मई 2026 से लेकर 21 मई 2026 तक (तीन दिन) पूरे राज्य में राजकीय शोक रहेगा।
शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, इस राजकीय शोक की अवधि के दौरान प्रदेश के समस्त जनपदों के सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) आधे झुके रहेंगे। इसके साथ ही इन तीन दिनों तक राज्य में किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन (Official Entertainment) के कार्यक्रमों का आयोजन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
अपर सचिव महावीर सिंह चौहान ने आदेश में स्पष्ट किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंत्येष्टिकल दिनांक 20 मई 2026 को पूरे पुलिस सम्मान (राजकीय सम्मान) के साथ संपन्न कराई जाएगी। अंत्येष्टि के दिन यानी बुधवार 20 मई को विदाई के सम्मान स्वरूप उत्तराखंड राज्य सरकार के समस्त सरकारी कार्यालय पूरी तरह से बंद रहेंगे।
शासन ने इस संबंध में सभी प्रमुख सचिवों, पुलिस महानिदेशक, गढ़वाल व कुमाऊं के मंडलायुक्तों और सभी जिलाधिकारियों को तत्काल कड़ाई से कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

