उत्तराखंड में तेज हवाओं का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। शुक्रवार को देहरादून समेत छह जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

new-modern

बता दें, मौसम विभाग का कहना है कि देहरादून के अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही, कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। हरिद्वार, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में भी मध्यम से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इस बीच, शुक्रवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। गुरुवार को भी देहरादून में तेज धूप रही, लेकिन हवाओं ने लोगों को कुछ राहत दी। गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को देहरादून में मौसम साफ रहेगा और कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन साथ ही लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों के नीचे या कच्चे मकानों में शरण लेने से बचना चाहिए। साथ ही, बिजली के खंभों और तारों से भी दूर रहना चाहिए।